रुद्रप्रयाग: गौरीकुंड हाईवे पर जनरल स्टोर में लगी भीषण आग, दो वाहन जलकर हुए खाक, इलाके में मची अफरा-तफरी

जनपद रुद्रप्रयाग के चंद्रापुरी क्षेत्र से सटे गबनीगांव में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गौरीकुंड हाईवे पर स्थित नेगी जनरल स्टोर/होटल में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में उसने दुकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दुकान के समीप खड़े दो वाहन भी जलकर पूरी तरह खाक हो गए, जिससे भारी नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और प्रशासन को सूचित किया गया। सूचना पाते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों और प्रशासन की तत्परता के चलते आग को आसपास के अन्य भवनों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि गबनीगांव स्थित यह जनरल स्टोर/होटल गौरीकुंड हाईवे पर चंद्रापुरी से लगभग तीन से चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आग लगने के कारणों की गहन जांच और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Comment