अल्मोड़ा। नगर से सटे फलसीम क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। उदयशंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी के पास सड़क किनारे खड़े स्कूटी सवार दंपति को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दंपति स्कूटी सहित गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घूमने निकले दंपति पर टूटा कहर
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रफीका बेगम (30) पत्नी बापी मंडल उर्फ अब्दुल मलिक मंडल (45) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से सिंगूर थाना क्षेत्र, कमर कुंडू, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के निवासी हैं और वर्तमान में अल्मोड़ा के गोपालधारा क्षेत्र में रहते थे।
जानकारी के अनुसार, दंपति अपने रिश्तेदार कबीरउद्दीन, उनकी पत्नी कुलसुम बेगम और दो बच्चों के साथ गरुड़ से अल्मोड़ा घूमने आए थे। सभी लोग अलग-अलग दोपहिया वाहनों से यात्रा कर रहे थे। शाम के समय वे फलसीम क्षेत्र में स्थित उदयशंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी के पास रुके और सड़क किनारे खड़े होकर अल्मोड़ा शहर की तस्वीरें खींचने लगे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी खड़ी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी सहित दोनों नीचे खाई में गिर गए।
महिला की मौके पर मौत, पति पेड़ में अटका बचा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बापी मंडल खाई में एक चीड़ के पेड़ में फंसे मिले, जबकि उनकी पत्नी रफीका बेगम और स्कूटी करीब 30 मीटर नीचे सड़क किनारे जा गिरी। अंधेरा अधिक होने के कारण महिला को ढूंढने में टीम को काफी समय लगा। बाद में जब खोजबीन की गई तो वह झाड़ियों में बेहोश पड़ी मिलीं।
उन्हें तत्काल जिला अस्पताल अल्मोड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष बोले— वाहन चालक की तलाश जारी
प्रभारी थानाध्यक्ष योगेश उपाध्याय ने बताया,
“घटना के दौरान दंपति सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आए किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पति को सकुशल रेस्क्यू कर बेस अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। महिला को गंभीर चोटें आई थीं, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।”
— योगेश उपाध्याय, प्रभारी थानाध्यक्ष, अल्मोड़ा
डॉक्टर ने बताया — सिर पर लगी गंभीर चोटें
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राहुल जैन ने बताया,
“महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।”
— डॉ. राहुल जैन, चिकित्सक, जिला अस्पताल अल्मोड़ा
‘डेंजर प्वाइंट’ बना यह इलाका, पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार, उदयशंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी के पास का यह मोड़ लंबे समय से ‘डेंजर प्वाइंट’ के रूप में जाना जाता है। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतज़ाम नहीं किए गए हैं।
लोगों का कहना है कि सड़क के इस हिस्से में बैरियर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। हादसे के बाद से क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय निवासी प्रशासन से इस जगह पर शीघ्र सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें – आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: कुरनूल में बस में लगी आग, 20 की मौत, पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया शोक





