उत्तराखंड: CM धामी ने स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान की जल्द शुरुआत का ऐलान

उत्तराखंड सरकार राज्य को खेलों का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह घोषणा शुक्रवार को गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एशियन कैडेट कप के उद्घाटन समारोह के दौरान की।

इस योजना के तहत राज्य के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में हर साल लगभग 900 विश्वस्तरीय एथलीट और 1,000 अन्य खिलाड़ी उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

एशियन कैडेट कप: देवभूमि में पहली बार

गौलापार स्टेडियम में आयोजित फेंसिंग अंडर-17 टूर्नामेंट एशियन कैडेट कप के उद्घाटन के अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि पहली बार देश में एशियन तलवारबाजी की मेजबानी देवभूमि को करने का अवसर मिला है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।

सरकार ने 517 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्टेडियम और 100 करोड़ रुपये की लागत से खेल उपकरण लाकर विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया है। इसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड अब न केवल राष्ट्रीय, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।

खेल शिक्षा और नीति में नए कदम

सीएम ने बताया कि हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है।
प्रदेश में नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा, चार प्रतिशत खेल कोटा को भी पुनः लागू किया गया है।

पंतनगर एयरपोर्ट और खेल पर्यटन

उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश को खेलों का हब बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बड़े होटल, नई ट्रेन सेवाएं और पंतनगर हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाने की तैयारी की जा रही है।

सीएम ने कहा कि इस संबंध में उड्डयन मंत्रालय से भी चर्चा हो चुकी है और जल्द ही अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शिलान्यास किया जाएगा।

पर्यावरण जागरूकता और युवा संदेश

मुख्यमंत्री धामी ने स्टेडियम में उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों से पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति सजग रहने और दूसरों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने को भी कहा।
अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने “भारत माता की जय” के उद्घोष से की और माइक में आवाज कम होने पर इसे सही कराने का निर्देश भी दिया।

यह भी पढें- हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से राहत और पुनर्निर्माण के निर्देश दिए*

Leave a Comment