रुद्रपुर में अवैध संबंध का विरोध करने पर एक पति ने अपनी पत्नी की पिटाई की और फिर उस पर तेजाब फेंक दिया। महिला किसी तरह बचते हुए रम्पुरा चौकी पहुंची और पुलिस को सूचना दी। उसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर पति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आदर्श कालोनी निवासी साजिया की शादी 18 साल पहले खेड़ा निवासी व्यक्ति से हुई थी, जिससे उनके तीन बच्चे हैं। पिछले पांच-छह वर्षों से साजिया के पति का एक महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा था। शुरुआत में साजिया परिवार की बदनामी के डर से चुप रही, लेकिन धीरे-धीरे पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता गया।
मंगलवार रात इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि पति ने पहले साजिया की पिटाई की। बचने के लिए साजिया बाथरूम में चली गई, लेकिन उसके पति ने दरवाजा तोड़ दिया और उस पर तेजाब पिलाने का प्रयास किया। इससे बचने के लिए साजिया भागी, तब पति ने उस पर तेजाब फेंक दिया। साजिया झुलस गई और रम्पुरा चौकी पहुंच गई। मायके वालों की मदद से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। तहरीर मिलने पर आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढें- टिहरी में चंबा-ऋषिकेश हाईवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी, 2 की मौत, दर्जनभर घायल, राहत कार्य जारी






