हरियाणा के चर्चित यूट्यूबर अरमान मलिक की पत्नी और बिग बॉस ओटीटी‑3 की प्रतिभागी पायल मलिक हाल ही में एक विवादित वीडियो को लेकर चर्चा में आ गई थीं। वीडियो में उन्होंने मां काली के रूप में श्रृंगार कर अभिनय किया था, जिसे लेकर इंटरनेट मीडिया पर भारी विवाद खड़ा हो गया। वीडियो में पायल का चेहरा काला किया गया था, सिर पर मुकुट, गले में नींबू की माला और हाथ में त्रिशूल नजर आया, जिसे कई लोगों ने धार्मिक भावनाओं के विरुद्ध माना और तीखी आलोचना शुरू हो गई।
विवाद बढ़ता देख पायल मलिक ने सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगने का फैसला लिया। इस कड़ी में वह अपने पति अरमान मलिक के साथ हरिद्वार पहुंचीं। वहां उन्होंने निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी से भेंट की और अपने कृत्य पर खेद जताते हुए क्षमा याचना की।
पायल ने हरिद्वार में गंगा स्नान कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और मां दक्षिण काली मंदिर में पूजा-पाठ व सेवा करके प्रायश्चित किया। उन्होंने संतों से क्षमा मांगते हुए स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावना को आहत करने का नहीं था।
अरमान मलिक ने भी इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया दी और कहा, “हमने यह वीडियो किसी की भावना को ठेस पहुंचाने के इरादे से नहीं बनाया था। अगर हमारे किसी भी कार्य से किसी की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है तो हम दिल से क्षमाप्रार्थी हैं।”
महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी ने पायल को क्षमा प्रदान करते हुए भविष्य में धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने की सलाह दी।
इस पूरे मामले को लेकर अरमान और पायल मलिक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें उन्होंने अपने प्रायश्चित और क्षमा याचना की झलक दिखाई है।





