मौसम विभाग द्वारा आगामी 21 जुलाई को उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए बड़ा फैसला लिया है। देहरादून जिलाधिकारी डॉ. सविन बंसल ने आदेश जारी कर जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को रविवार, 21 जुलाई को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी भारी बारिश के पूर्वानुमान और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की एडवाइजरी को देखते हुए लिया गया है। देहरादून के साथ-साथ पौड़ी जनपद में भी जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन के अवकाश की घोषणा की है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तराखंड के कई पहाड़ी जिलों में तेज बारिश के आसार हैं। नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पौड़ी के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, राज्य के कई हिस्सों में बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी वर्षा के संकेत दिए हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। नदी-नालों के पास न जाने की भी सलाह दी गई है। स्कूल बंद होने की सूचना सभी विद्यालयों को प्रेषित कर दी गई है और संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढें- Uttarakhand: ग्रामीण के घर पर अज्ञात हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात






