हरिद्वार: ई-रिक्शा चालक की हत्या, शव बाग में फेंका गया; इलाके में सनसनी

हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत किशनपुर गांव में एक बाग के भीतर ई-रिक्शा चालक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई और फिर शव को बाग में फेंक दिया गया।

जानकारी के अनुसार, किशनपुर गांव के एक बाग स्वामी ने अपने बाग में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पथरी प्रभारी मनोज नौटियाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक की पहचान 48 वर्षीय प्रदीप, पुत्र ओमप्रकाश, निवासी अंबुवाला के रूप में हुई है। घटनास्थल के पास ही उसका ई-रिक्शा भी खड़ा मिला है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की बात सामने आ रही है, हालांकि मौत के असल कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी से विवाद की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। घटना ने क्षेत्रवासियों को दहशत में डाल दिया है।

यह भी पढें- हाईकोर्ट ने दोहरी मतदाता सूची मामले में स्पष्टीकरण से किया इंकार, चुनावी स्थिति असमंजस में

Leave a Comment