बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आज सुबह से भीषण मुठभेड़ जारी है। फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के उत्तर-पश्चिमी जंगल-पहाड़ी इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इस अभियान के दौरान अब तक दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जिनके पास से दो अत्याधुनिक AK-47 हथियार भी बरामद किए गए हैं।
जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में माओवादियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी के डिविजनल वाइस कमांडर (DVCM) दिलीप बेड़जा सहित अन्य सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद जिला रिजर्व गार्ड (DRG), कोबरा बटालियन और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।
सर्च अभियान के दौरान माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।
मुठभेड़ स्थल से दो नक्सलियों के शव और हथियार बरामद
एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि अब तक मुठभेड़ स्थल से दो पुरुष माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं। इनके पास से AK-47 जैसे ग्रेडेड स्वचालित हथियार भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि मारे गए नक्सलियों में से एक नेशनल पार्क एरिया कमेटी का कुख्यात नक्सली और DVCM दिलीप बेड़जा हो सकता है, जबकि दूसरे नक्सली की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है।
कठिन परिस्थितियों में भी जारी है निर्णायक अभियान
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ के जवान साहस, संयम और प्रतिबद्धता के साथ सशस्त्र माओवादी कैडरों के खिलाफ लगातार निर्णायक कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में वर्ष 2026 के अब तक के प्रमुख नक्सली एनकाउंटर
• 3 जनवरी 2026: सुकमा जिले में मुठभेड़, 12 माओवादी ढेर
• 3 जनवरी 2026: बीजापुर के बासागुड़ा क्षेत्र में मुठभेड़, 2 हथियारबंद नक्सली मारे गए
वर्ष 2025 के बड़े नक्सली एनकाउंटर
• 19 दिसंबर 2025: बीजापुर में मुठभेड़, 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर
• 18 दिसंबर 2025: सुकमा में मुठभेड़, 3 नक्सली मारे गए
• 3 दिसंबर 2025: गंगालूर मुठभेड़ में PLGA कंपनी नंबर-2 का कमांडर मोदियामी वेल्ला सहित 18 नक्सली ढेर, 3 जवान शहीद
• 12 नवंबर 2025: बीजापुर नेशनल पार्क क्षेत्र में मुठभेड़, 6 नक्सली ढेर
• 21 मई 2025: शीर्ष नक्सली नेता बसवराजू समेत 28 माओवादी मारे गए
• 15 मई 2025: बीजापुर के कर्रेगुट्टा पहाड़ पर मुठभेड़, 31 नक्सली ढेर
• 12 अप्रैल 2025: दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मुठभेड़, 3 नक्सली मारे गए
• 31 मार्च 2025: दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर 45 लाख की इनामी महिला नक्सली ढेर
• 29 मार्च 2025: सुकमा में मुठभेड़, 17 नक्सलियों के शव बरामद
• 20 मार्च 2025: बीजापुर और कांकेर में अलग-अलग मुठभेड़ों में 30 नक्सली मारे गए
• 9 फरवरी 2025: बीजापुर में मुठभेड़, 31 माओवादी ढेर
• 20-21 जनवरी 2025: गरियाबंद जिले में मुठभेड़, 16 माओवादी मारे गए
• 19 जनवरी 2025: CPI (माओवादी) के केंद्रीय समिति सदस्य जयराम उर्फ चलपथी सहित 14 नक्सली ढेर
• 16 जनवरी 2025: बीजापुर में भीषण मुठभेड़, 18 माओवादी मारे गए
पिछले वर्षों की प्रमुख नक्सली घटनाएं
• 22 नवंबर 2024: सुकमा में मुठभेड़, 10 माओवादी मारे गए
• 4 अक्टूबर 2024: अबूझमाड़ मुठभेड़, 38 नक्सली ढेर
• 10 मई 2024: बीजापुर में मुठभेड़, 12 नक्सली मारे गए
• 16 अप्रैल 2024: कांकेर में भीषण मुठभेड़, 29 नक्सली ढेर
• 2 अप्रैल 2024: बीजापुर में मुठभेड़, 13 माओवादी मारे गए
• 7 फरवरी 2019: बीजापुर में मुठभेड़, 10 नक्सली ढेर
• 6 अगस्त 2018: सुकमा में मुठभेड़, 15 माओवादी मारे गए
• 2 मार्च 2018: बीजापुर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 10 नक्सली ढेर
• 27 नवंबर 2014: सुकमा में CRPF के साथ मुठभेड़, 15 नक्सली मारे गए
• 16 अप्रैल 2013: बस्तर के जंगलों में मुठभेड़, 10 नक्सली ढेर
• 29 जून 2012: दंतेवाड़ा में मुठभेड़, 20 नक्सली मारे गए
• 23 नवंबर 2010: दंतेवाड़ा के जगरगुंडा क्षेत्र में मुठभेड़, 20 नक्सली ढेर
• 18 फरवरी 2008: बीजापुर में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 13 नक्सली मारे गए
• 10 जुलाई 2007: दंतेवाड़ा में मुठभेड़, 20 माओवादी ढेर
बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता: मुठभेड़ में 2 नक्सली ढेर, AK-47 समेत हथियार बरामद
On: January 17, 2026 10:18 AM











