डोईवाला क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय तेलीवाला में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रार्थना सभा के दौरान एक युवक स्कूल परिसर में घुस आया और प्रधानाध्यापिका सहित तीन शिक्षकों के साथ मारपीट कर दी। आरोपी ने न केवल शिक्षकों से अभद्र व्यवहार किया, बल्कि छात्राओं के प्रति भी अश्लील टिप्पणियां कीं, जिससे पूरे विद्यालय में भय का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्यालय के समीप रहने वाला युवक अचानक प्रार्थना सभा के दौरान स्कूल में दाखिल हुआ और छात्राओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने लगा। जब प्रधानाध्यापिका उषा रानी और अन्य शिक्षकों ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान विद्यालय का फर्नीचर भी तोड़ा गया और आग लगाने व जान से मारने की धमकी तक दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। शिक्षकों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग, जिनमें विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता भी शामिल थे, कोतवाली डोईवाला पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि प्रधानाध्यापिका की तहरीर के आधार पर आरोपी मोहम्मद सरफराज उर्फ मोनू, पुत्र हनीफ, निवासी तेलीवाला, डोईवाला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें लोक सेवक पर हमला, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, सरकारी संपत्ति को नुकसान, आपराधिक धमकी, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना और अभद्र भाषा का प्रयोग जैसी धाराएं शामिल हैं।
प्रभारी निरीक्षक ने यह भी बताया कि आरोपी पूर्व में भी विद्यालय में इस प्रकार की हरकतें कर चुका है, जिसके चलते छात्रों और शिक्षकों में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ था। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा की गारंटी तक विद्यालय रहेगा बंद
इस गंभीर घटना के बाद शिक्षक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय तेलीवाला के शिक्षकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक शासन-प्रशासन द्वारा विद्यालय में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक वे विद्यालय में शिक्षण कार्य नहीं करेंगे।
शिक्षकों ने उपशिक्षा अधिकारी डोईवाला को पत्र सौंपकर यह जानकारी दी कि वे सुरक्षा की गारंटी मिलने तक अपनी उपस्थिति उपशिक्षा अधिकारी कार्यालय में दर्ज कराएंगे और विद्यालय नहीं जाएंगे। शिक्षक संगठनों का कहना है कि इस घटना ने गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षक की गरिमा को गहरी ठेस पहुंचाई है।
ब्लॉक अध्यक्ष, उत्तराखंड राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ डोईवाला नरेंद्र सागर और ब्लॉक अध्यक्ष, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ डोईवाला राजेश डोभाल ने संयुक्त रूप से कहा कि जब तक शिक्षकों और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक विद्यालय बंद रखा जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ स्कूलों में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
देहरादून: स्कूल में घुसकर युवक का तांडव, प्रधानाध्यापिका समेत शिक्षकों से मारपीट, छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी से मचा हड़कंप
On: January 30, 2026 3:57 AM






