देहरादून जनपद में मौसम की गंभीर चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 24 जनवरी 2026 को सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा जारी आदेश के तहत लिया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और राष्ट्रीय आपदा अलर्ट पोर्टल की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार जनपद देहरादून में कई स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तेज वर्षा की संभावना जताई गई है। लगातार और तीव्र वर्षा के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है, जिससे जन-जीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों को 24 जनवरी को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश के सख्त अनुपालन के निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन ने आमजन से भी सतर्क रहने और मौसम से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
ऑरेंज अलर्ट के चलते बड़ा प्रशासनिक निर्णय, 24 जनवरी को देहरादून के सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद
On: January 23, 2026 3:30 PM





