त्रिपुरा के छात्र इंजेल चकमा की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी की तलाश में सेलाकुई थाना पुलिस की एक टीम नेपाल रवाना हुई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इस मामले में अब तक पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, यज्ञराज अवस्थी नेपाल के कंचनपुर जिले की झलारी नगर पालिका के कृष्णापुर क्षेत्र का निवासी है। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस को सूचना मिली थी कि वह नेपाल भाग गया है। इसी के आधार पर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम नेपाल भेजी गई है।
यह घटना नौ दिसंबर को सेलाकुई क्षेत्र में हुई थी, जब त्रिपुरा के रहने वाले छात्र इंजेल चकमा पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। बताया गया कि नशे की हालत में आरोपियों ने इंजेल और उसके भाई के साथ अभद्र व्यवहार किया और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। जब इसका विरोध किया गया तो आरोपियों ने धारदार हथियार और कड़े से हमला कर दिया। हमले में इंजेल गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
इंजेल चकमा के भाई माइकल चकमा की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। माइकल चकमा वर्तमान में उत्तरांचल विश्वविद्यालय, प्रेमनगर में अध्ययनरत है, जबकि उसका भाई इंजेल चकमा जिज्ञासा विश्वविद्यालय, सेलाकुई का छात्र था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक आरोपी मणिपुर का निवासी भी शामिल है।
थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि इंजेल चकमा की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई है। फरार आरोपी यज्ञराज अवस्थी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और नेपाल में भी पुलिस टीम सक्रिय रूप से उसकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







