उत्तराखंड के रामगढ़ इलाके में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। गागर क्षेत्र में पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाजियाबाद से आए दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।
रेस्क्यू कर सभी को अस्पताल पहुँचाया गया
पुलिस टीम ने खाई में फंसे सभी आठ लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। इनमें नितिन (32), रुचि (39), निस्ता (14), शामा, कंचन (26), लवे (11), सचिन (32) और लक्शी (12) शामिल थे। सभी घायल और मृतक एक ही परिवार या रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जो गाजियाबाद के रहने वाले हैं।
घायलों को तुरंत भवाली सीएचसी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सचिन और 12 वर्षीय लक्शी को मृत घोषित कर दिया। बाकी छह घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दी जानकारी
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया है और मृतकों के शव भवाली में रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। घटना की विस्तृत जांच जारी है।
इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।








