उत्तराखंड के चंपावत ज़िले में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जब बारातियों से भरी एक बोलेरो कार अचानक नियंत्रण खोकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भयावह दुर्घटना में मां-बेटे समेत पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पाँच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तत्काल लोहाघाट उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के अनुसार, पिथौरागढ़ जिले के सेराघाट क्षेत्र से चंपावत के पाटी बारात आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद रात में जब सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी बालातड़ी से आगे घाट के आस-बा क्षेत्र में वाहन गहरी खाई में गिर पड़ा। रात करीब तीन बजे जैसे ही घटना की सूचना आपदा परिचालन केंद्र को मिली, तुरंत एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू अभियान चलाया।
काफी मशक्कत के बाद मृतकों के शवों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन मृतकों और घायलों का पूरा विवरण जुटा रहा है।
वाहन में सवार थे 10 लोग
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन यूके 04 टीबी 2074 (बोलेरो) में कुल 10 लोग सवार थे। सभी शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे की गंभीरता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि वाहन सीधा 200 मीटर नीचे जा गिरा।
मृतकों की पहचान
• भावना चौबे (28 वर्ष), बिलासपुर निवासी
• प्रियांशु (6 वर्ष), भावना का बेटा
• प्रकाश उनियाल (40 वर्ष)
• केवल चंद्र उनियाल (35 वर्ष), पंतनगर निवासी
• सुरेश नौटियाल (32 वर्ष)
घायल व्यक्तियों के नाम
• धीरज, पुत्र प्रकाश चंद्र, निवासी रुद्रपुर
• राजेश (14 वर्ष), पुत्र उमेश चंद्र जोशी, निवासी लाखतोली
• चेतन चौबे (5 वर्ष), पुत्र सुरेश चौबे, निवासी दिल्ली
• भास्कर पांडा, निवासी किलोटा
• देवदत्त (38 वर्ष), पुत्र रामदत्त, निवासी सल्ला भाटकोट, सेराघाट पिथौरागढ़ (वाहन चालक)
यह दुखद हादसा पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर गया है। प्रशासन घटना के कारणों की जांच कर रहा है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
उत्तराखंड में भीषण हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी बारातियों की कार, मां-बेटे सहित पाँच की दर्दनाक मौत
On: December 5, 2025 4:27 AM








