अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

हरिद्वार में दिल दहला देने वाली वारदातः लिफ्ट मांगकर रिटायर्ड एयरफोर्स जवान की गोली मारकर हत्या

On: November 30, 2025 5:37 AM
Follow Us:

हरिद्वार में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया। बहादराबाद थाना क्षेत्र में नहर पटरी मार्ग पर एक अज्ञात बदमाश ने लिफ्ट मांगकर कार में बैठने के बाद रिटायर्ड एयरफोर्स सैनिक की कनपटी पर गोली मार दी। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हत्यारे की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, कनखल के जमालपुर कला निवासी 62 वर्षीय भगवान सिंह अपने बेटे यशपाल सिंह के साथ कार से रोशनाबाद में होने वाले एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब वे ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास पहुंचे, तभी सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी। पिता–पुत्र ने मानवता के नाते उसे कार में बैठा लिया।

लेकिन कुछ ही दूरी आगे बढ़ने पर स्थिति अचानक भयावह हो गई। लिफ्ट लेने वाले उस शख्स ने बिना किसी बहस या विवाद के भगवान सिंह की कनपटी पर नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही कार में अफरा–तफरी मच गई और भगवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे यशपाल ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर उन्हें जॉलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात भगवान सिंह ने दम तोड़ दिया।

एसपी सिटी अभय प्रताप ने बताया कि भगवान सिंह वर्ष 2013 में भारतीय वायु सेना से रिटायर हुए थे। प्रारंभिक जांच में किसी पारिवारिक रंजिश की बात सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हत्यारे की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा भी किया गया है।

इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लिफ्ट देकर मदद करने वाले परिवार के साथ हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment