राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को उत्तराखंड के नैनीताल जिले स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर परिसर में लगभग आधा घंटा से अधिक समय बिताया तथा श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की।
पूजा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने बाबा नीब करौरी महाराज की मूर्ति के समक्ष ध्यान लगाया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान कैंची धाम मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने राष्ट्रपति को बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनकी शिक्षाओं और धाम के इतिहास के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
राष्ट्रपति ने मुख्य मंदिर के अलावा परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में भी दर्शन किए और पूजा की। उनके साथ उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कैंची धाम में राष्ट्रपति की यह यात्रा आध्यात्मिक माहौल में संपन्न हुई, जहां उन्होंने भक्तों से संवाद किया और बाबा के आदर्शों से प्रेरणा लेने की बात कही।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए, लिया आशीर्वाद
On: November 4, 2025 6:07 AM





