हरिद्वार में पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमि के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जो साधु का वेश धारण कर श्रद्धालुओं को जादू-टोने और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर ठगने की कोशिश कर रहे थे। यह कार्रवाई श्यामपुर थाना पुलिस द्वारा शनिवार को चंडीघाट क्षेत्र में की गई।
थानाध्यक्ष मनोज शर्मा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल बृजमोहन, कांस्टेबल सुनील कुमार और अनिल रावत ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि चंडी मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के बीच दो साधु वेशधारी व्यक्ति जादू-टोने से परेशानियों का समाधान करने का दावा कर रहे हैं और भोले-भाले लोगों से ठगी का प्रयास कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। प्रारंभ में पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि ऐसे कृत्य अवैध हैं और लोगों को भ्रमित करना अपराध की श्रेणी में आता है। लेकिन इसके बावजूद दोनों व्यक्ति श्रद्धालुओं को बहकाने का प्रयास करते रहे। पुलिस द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बाद भी जब उन्होंने अपनी हरकतें नहीं रोकीं, तो उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों की पहचान सनातन गिरी, निवासी चंडीघाट माजरा, और उत्तम पासवान, निवासी चंडीघाट के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ये दोनों आरोपी कुछ समय से हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को झांसा देकर धन ऐंठने का प्रयास कर रहे थे।
थानाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत ऐसे ढोंगियों और ठगों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक नगरी हरिद्वार में आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाओं से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और जादू-टोने या तंत्र-मंत्र जैसे झूठे दावों पर विश्वास न करें। ऐसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
हरिद्वार पुलिस का संदेश: धार्मिक आस्था के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऑपरेशन कालनेमि के तहत पुलिस का उद्देश्य है कि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित महसूस करें और कोई भी व्यक्ति उनकी आस्था का दुरुपयोग न कर सके।
ऑपरेशन कालनेमि: हरिद्वार में साधु वेश में घूम रहे दो ठग गिरफ्तार, श्रद्धालुओं को जादू-टोने का झांसा देकर कर रहे थे ठगी का प्रयास
On: November 2, 2025 7:38 AM





