अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

देहरादून का हिस्ट्रीशीटर निकला सैनिकों के घरों का चोर, 24 मुकदमों में वांछित आरोपी गिरफ्तार

On: October 30, 2025 4:25 PM
Follow Us:

रानीखेत। देहरादून का एक शातिर हिस्ट्रीशीटर लंबे समय से सैनिकों के घरों को निशाना बना रहा था। हाल ही में छावनी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो खुलासा हुआ कि आरोपी कोई आम चोर नहीं बल्कि 24 मुकदमों में वांछित अपराधी है। पुलिस ने आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर उसके पास से साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात और 15,458 रुपये नकद बरामद किए हैं।
सैन्य आवास में हुई थी सनसनीखेज चोरी
27 अक्टूबर की रात रानीखेत के छावनी क्षेत्र में स्थित मंदिर लाइन के सैन्य आवासों में यह वारदात हुई। यहां तैनात सेना के जवान अमरदीप शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गया। इसी दौरान पास के एक और सैन्य कर्मी के घर में भी चोरी की घटना हुई। दो सैन्य कर्मियों के घरों में चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिली बड़ी सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम गठित की। एसएसआई कमाल हसन के नेतृत्व में टीम ने छावनी क्षेत्र, बाजार और आसपास के इलाकों के करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक की गतिविधियों ने पुलिस का ध्यान खींचा। चेहरे की पहचान के लिए वीडियो को ज़ूम कर सभी थानों और चौकियों में भेजा गया। जल्द ही पता चला कि संदिग्ध देहरादून के क्लेमनटाउन क्षेत्र का एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है।
देहरादून से धराया आरोपी
सूचना के आधार पर सीओ विमल प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देहरादून में दबिश दी और संतोष सिंह रावत उर्फ माहते, पुत्र धीरज सिंह रावत, को नई बस्ती टावर, क्लेमनटाउन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से देहरादून और अन्य राज्यों में 24 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अकेले ही चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और विशेष रूप से सैन्य क्षेत्रों को ही निशाना बनाता था।
बरामद हुए लाखों के जेवर और नकदी
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 15,458 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी की पूरी योजना पहले से बना रखी थी और मौके की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस टीम को मिला इनाम
देहरादून के इस शातिर अपराधी को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देवेंद्र पींचा ने पांच हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने टीम की तत्परता और जांच में दिखाई गई सतर्कता की सराहना की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment