रुड़की के भिक्कमपुर गांव में दीपावली के बाद मंगलवार रात पटाखे फोड़ने को लेकर बड़ा विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ युवक सड़क पर पटाखे फोड़ रहे थे, इसी दौरान घर के बाहर शोर से नाराज एक व्यक्ति ने उन पर केमिकल फेंक दिया। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि अन्य युवकों को भी मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब आठ बजे भिक्कमपुर निवासी सौरभ, राहुल, पंकज, दीपक और विशाल सड़क पर पटाखे फोड़ रहे थे। उसी समय गांव के ही गोवर्धन (55) नाम के व्यक्ति ने छत से नीचे केमिकल फेंक दिया। केमिकल सीधे सौरभ के ऊपर गिरा, जिससे उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया। दर्द से तड़पते हुए सौरभ के शोर मचाने पर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गुस्से में आकर आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और झुलसे युवक को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी गोवर्धन को हिरासत में लेकर चौकी ले आई। चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पीड़ित के परिजन शेर सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। लोगों में चर्चा रही कि आरोपी ने तेजाब फेंका है, हालांकि पुलिस ने इसे “केमिकल” बताया है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने फेंके गए पदार्थ के नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वह कौन सा पदार्थ था।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।





