अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

Dehradun नशे की हालत में कई गाड़ियों से टकराए राजपुर थानाध्यक्ष, एसएसपी ने तत्काल किया निलंबित

On: October 2, 2025 4:32 AM
Follow Us:

देहरादून के राजपुर रोड पर एक सड़क हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद एसएसपी देहरादून ने कड़ा कदम उठाया है। मामले का संज्ञान लेते हुए राजपुर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, एक अक्टूबर की रात करीब नौ बजे राजपुर क्षेत्र में थानाध्यक्ष ने नशे की हालत में अपनी कार से एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के दौरान थानाध्यक्ष ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। इसी बीच कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष का आचरण प्रथम दृष्टया अनुचित और एक सरकारी अधिकारी के पद की गरिमा के खिलाफ पाया गया। इसे गंभीर मानते हुए एसएसपी देहरादून ने तुरंत एक्शन लेते हुए थानाध्यक्ष राजपुर को निलंबित कर दिया।

इसके साथ ही उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल (थानाध्यक्ष कालसी) को राजपुर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी सिटी को निर्देश दिया गया है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए। जांच में मेडिकल, सीसीटीवी फुटेज, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी सहित सभी साक्ष्यों को एकत्र कर कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी देहरादून का कहना है कि “कानून सबके लिए समान है, इसमें किसी को भी कोई छूट नहीं दी जाएगी।” उन्होंने साफ किया कि पुलिस विभाग इस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा।

इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है और एसएसपी की सख्त कार्रवाई को विभागीय स्तर पर एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment