देहरादून: उत्तराखंड में आने वाले दिनों में झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। विशेष रूप से प्रदेश के पर्वतीय जिलों में यह स्थिति चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि इसके बाद कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतर जिलों में तीव्र बारिश की संभावना है। पहले से ही भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में नुकसान हो चुका है। मौजूदा स्थिति में जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और अन्य बचाव टीमें सक्रिय हैं, लेकिन लगातार बारिश के चलते राहत अभियान की गति पर असर पड़ सकता है।
किन जिलों में रेड अलर्ट?
अगले 24 घंटे में देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार जिलों में रेड अलर्ट है। गढ़वाल मंडल के चमोली और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि कुमाऊं के बागेश्वर, उधम सिंह नगर और नैनीताल में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान
अगले 48 घंटे में देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी है, जहां भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 3 और 4 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी रहेगा और कुछ जगहों पर तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी।






