हल्द्वानी: उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हल्द्वानी में बनाने का सपना फिलहाल टल गया है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम के पास यूनिवर्सिटी के लिए भूमि हस्तांतरण केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से नहीं मिल पाया है।
राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त के मौके पर शिलान्यास होना था, लेकिन मंत्रालय ने खेल विभाग को पत्र लिखकर कहा कि विश्वविद्यालय के लिए वन भूमि के आवेदन से पहले राजस्व विभाग से जमीन की पुष्टि जरूरी है।
उत्तराखंड सरकार ने हल्द्वानी के गौलापार में जमीन चुन ली थी और यूजीसी से मान्यता भी हासिल कर ली थी। कुल सचिव और वित्त नियंत्रक की नियुक्ति भी हो चुकी है, लेकिन भूमि हस्तांतरण न होने के कारण प्रोजेक्ट अब रुका हुआ है। राज्य सरकार ने खेल यूनिवर्सिटी के लिए लगभग 13 हेक्टेयर भूमि निर्धारित की है।
सरकार का मानना है कि यूनिवर्सिटी बनने से प्रदेश के युवाओं के लिए नई संभावनाएं खुलेंगी और उत्तराखंड के खिलाड़ी देश-विदेश में नाम रोशन करेंगे।
यह भी पढें- रुड़की: कलियर उर्स के दौरान ऑपरेशन कालनेमि में 13 ढोंगियों सहित दो बांग्लादेशी गिरफ्तार






