बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख पद के लिए हो रहे मतदान के दौरान अचानक फायरिंग की आवाज से माहौल तनावपूर्ण हो गया। गोली लगने से छड़ा गांव निवासी एक युवक घायल हो गया, जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस ने समय रहते हालात को काबू में कर दिया।
सुबह से ही ब्लॉक मुख्यालय पर दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच गहमागहमी बनी हुई थी। वोटिंग के दौरान किसी बात को लेकर समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों की मारपीट में बदल गई। इस दौरान तीन से छह राउंड फायरिंग की आवाज गूंजी, जिससे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ में एक क्षेत्र पंचायत सदस्य भी जमीन पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बमुश्किल माहौल शांत कराया। घायल युवक के पैर में गोली लगी है और उसका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस की कड़ी निगरानी में मतदान फिर से शुरू हो गया है। अब तक 32 में से 17 क्षेत्र पंचायत सदस्य मतदान कर चुके हैं। थानाध्यक्ष अनीस अहमद ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मतदान प्रक्रिया जारी है।






