प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए आज गुरुवार को मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान सुबह 10 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और शाम तक सभी परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
प्रदेश की कुल 12 जिला पंचायतों में से छह जिलों में अध्यक्ष पद के लिए मतदान हो रहा है, जबकि पांच जिलों में निर्विरोध निर्वाचन पहले ही हो चुका है। ऊधमसिंह नगर में जिला पंचायत अध्यक्ष का परिणाम फिलहाल घोषित नहीं होगा, क्योंकि हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी है।
चमोली जिले में मतदान की शुरुआत देवर खडोरा वार्ड के सदस्य जय प्रकाश सिंह पंवार और कोठा वार्ड (गैरसैंण) के सदस्य सुरेश कुमार द्वारा वोट डालने से हुई। मतदान एकल संक्रमणीय प्रणाली (Single Transferable Vote) के तहत हो रहा है, जिसमें मतदाता प्रत्याशियों को प्राथमिकता के क्रम में वोट देते हैं और शीर्ष प्राथमिकता वाला प्रत्याशी विजेता घोषित किया जाता है।
निर्विरोध चुने गए जिला पंचायत अध्यक्षों में टिहरी से इशिता सजवाण, ऊधमसिंह नगर से अजय मौर्य, चंपावत से आनंद सिंह अधिकारी, पिथौरागढ़ से जितेंद्र प्रसाद और उत्तरकाशी से रमेश चौहान शामिल हैं। वहीं, देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग में अध्यक्ष पद के लिए आज मतदान जारी है।
इसके अलावा प्रदेश के 89 ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी आज ही संपन्न कराया जा रहा है। मतगणना पूरी होते ही आज शाम तक सभी जिलों और ब्लॉकों के विजेताओं के नाम सामने आ जाएंगे।
यह भी पढें- हिमाचल में बाढ़ का तांडव, पुल से पेट्रोल पंप तक तबाही; सेना ने किया रेस्क्यू अभियान तेज






