हरिद्वार के शिवालिकनगर से सटी रामधाम कॉलोनी में घर से मोबाइल फोन, गैस सिलिंडर और बिजली के तार चोरी करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। दोनों आरोपी मुजफ्फरनगर के निवासी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। जांच में पता चला कि दोनों पहले भी कई संगीन अपराधों में शामिल रह चुके हैं।
एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि रामधाम कॉलोनी निवासी सुवालाल खैरवा के घर से दो मोबाइल फोन, एक गैस सिलिंडर और चार बंडल बिजली के तार चोरी कर लिए गए थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही रानीपुर कोतवाल कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सुराग जुटाकर कुछ ही घंटों में शिवालिकनगर पल्टूराम चौक से देवनगर जाने वाले मार्ग पर दोनों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान विकास उर्फ डीके और राजू, निवासी ग्राम कसियारा, थाना चरथावल, जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। दोनों देवनगर कॉलोनी में पीयूष के मकान में किराए पर रहते थे। वे नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी करते थे।
कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि उनके आपराधिक इतिहास की जांच में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम सहित कई मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
यह भी पढें-रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस ने छह लोगों को रौंदा, दो शिक्षकों की मौके पर मौत





