देहरादून
देहरादून पुलिस ने ‘ऑपरेशन कालनेमी’ के तहत एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो पहचान बदलकर और खुद को अमीर बताकर युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसाता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इफराज अहमद लोलू (23), पुत्र इकबाल, निवासी अनंतनाग, जम्मू, हाल डीबीएस कॉलेज, सेलाकुई के रूप में हुई है।
कैसे हुआ खुलासा
मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कालनेमी’ अभियान के तहत एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को बहरूपियों और फर्जी पहचान बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सेलाकुई थाना क्षेत्र में एक युवक के बारे में गुप्त सूचना मिली कि वह अपनी पहचान छुपाकर और खुद को बेहद अमीर बताकर कई लड़कियों को धोखा दे चुका है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से 8 अगस्त 2025 को आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लड़कियों से दोस्ती कर उनका विश्वास जीतता और फिर धोखाधड़ी करता था। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।
मकान मालिक पर भी कार्रवाई
आरोपी को बिना किरायेदार सत्यापन के घर में ठहराने पर मकान मालिक के खिलाफ भी पुलिस अधिनियम के तहत चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है।
यह भी पढें- उत्तरकाशी: उत्तराखंड सरकार का ऐलान, आपदा प्रभावित परिवारों को 6 महीने तक मिलेगा मुफ्त राशन








