कोटद्वार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सोमवार सुबह लगभग 10 बजे सिद्धबली मंदिर के पास हुआ, जब रिखणीखाल से कोटद्वार आ रही एक मैक्स गाड़ी पर अचानक पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर आ गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल बेस अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड रिखणीखाल के किल्बोखाल क्षेत्र से कोटद्वार आ रही मैक्स (UK11TA1610) सुबह करीब छह बजे ग्राम लेकुली निवासी देवेंद्र उर्फ धर्मू (30) पुत्र हीरा लाल द्वारा चलाई जा रही थी। वाहन में सबसे पहले सतवीर (20) पुत्र राजेंद्र सवार हुए। इसके बाद रास्ते में अन्य सवारियां भी वाहन में बैठती गईं— जिनमें बमणखोला निवासी दिनेश (40) पुत्र सोहन लाल, ग्राम फतेहपुर निवासी रवींद्र (30) पुत्र लक्ष्मण सिंह, ढिमकी गांव निवासी वीरेंद्र कुमार, उनकी बेटी मीनाक्षी (23), सिमरन (20) पुत्री मनीराम, पंकज (18) पुत्र हरीश चंद्र और पीयूष (17) पुत्र सुरेंद्र सिंह शामिल थे।
कोटद्वार से महज ढाई किलोमीटर पहले, नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह भीषण हादसा हो गया। विशाल पत्थर वाहन के अगले हिस्से पर गिरा, जिससे सामने की सीट पर बैठे सतवीर और रवींद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक देवेंद्र सहित अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को तत्काल बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल देवेंद्र और दिनेश को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है।
घटना ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है और पहाड़ी मार्गों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढें- चंपावत:भारत-नेपाल सीमा पर 78 लाख नेपाली करेंसी के साथ युवक गिरफ्तार, एसएसबी की सतर्कता से बड़ी कार्रवाई





