उत्तराखंड के चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में स्थित हेलंग में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। टीएचडीसी द्वारा निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के डैम साइट पर अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर गिर गया, जिससे मौके पर काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आठ मजदूर घायल हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि जैसे ही दुर्घटना की सूचना मिली, प्रशासन की टीम तुरंत रवाना हुई। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस घटना में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है, लेकिन आठ लोग घायल हुए हैं।
इनमें से चार घायलों का इलाज टीएचडीसी चिकित्सालय में किया जा रहा है। दो गंभीर रूप से घायल मजदूरों को स्वामी विवेकानंद अस्पताल, पीपलकोटी भेजा गया है। वहीं एक अन्य मजदूर को प्लास्टर के लिए पीपलकोटी में ही भर्ती कराया गया है, जबकि सबसे गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और सुरक्षा के दृष्टिकोण से निर्माण कार्य पर भी नजर रखी जा रही है।
यह भी पढें- Uttarakhand: रामनगर में अवैध मजारों पर कार्रवाई तेज़, तीन रिसॉर्ट में बनी मजारें ध्वस्त





