हरिद्वार: हरिद्वार में आज एक खास नजारा देखने को मिला, जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं झाड़ू लेकर सफाई अभियान में जुटे। उन्होंने शिव घाट पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए घाट पर फैला कचरा साफ किया और स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया।
कांवड़ मेले को लेकर की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार के दौरे पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने हरिद्वार स्थित सीसीआर (सिटी कंट्रोल रूम) भवन में अधिकारियों के साथ कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक के दौरान सीएम ने तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की और सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
शिव घाट पर सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश
बैठक के बाद सीएम धामी शिव घाट पहुंचे, जहां उन्होंने खुद झाड़ू उठाकर सफाई अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों और कांवड़ यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार कांवड़ यात्रा को “स्वच्छ कांवड़ यात्रा” के रूप में मनाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि इस संदेश को दूर-दूर तक पहुंचाया जा सके।
ग्रीन और क्लीन कांवड़ यात्रा का लक्ष्य
सीएम धामी ने कहा कि इस बार की कांवड़ यात्रा हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम चाहते हैं कि कांवड़ यात्रा के माध्यम से स्वच्छता का संदेश पूरे देश में जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश समेत कांवड़ मार्ग के 30 किलोमीटर के दायरे में हर 1-2 किलोमीटर पर मोबाइल टॉयलेट, पीने के पानी की सुविधा और कचरा प्रबंधन के लिए विशेष वाहन तैनात किए जाएं।
स्वास्थ्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
सीएम धामी ने हर 5 किलोमीटर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ की तैनाती करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने ‘उत्तराखंड कांवड़ सेवा एप’ तैयार करने के आदेश दिए ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग की सभी जरूरी जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हो सके।
ढाबों और होटलों के लिए दिशा-निर्देश
कांवड़ मार्ग पर मौजूद ढाबों और होटलों को फूड लाइसेंस और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। ताकि यात्रियों को भोजन की गुणवत्ता और कीमत को लेकर कोई असुविधा न हो।
आपदा संभावित क्षेत्रों में अलर्ट रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी जिलों के लैंड स्लाइड जोन में विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के अनुभव से आगामी कुंभ मेले की तैयारियों में भी काफी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी के इस स्वच्छता अभियान और व्यापक तैयारियों ने साफ संकेत दिया कि उत्तराखंड सरकार कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।






