किच्छा में महिला कर्मचारी पर सरेराह हमला, हाईवे पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से किया वार, पुलिस पर उठे सवाल

ऊधमसिंह नगर जनपद के किच्छा क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर एक महिला कर्मचारी को निशाना बना डाला। मामला बुधवार शाम का है, जब ड्यूटी से घर लौट रही महिला कर्मचारी पर दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया।

घटना किच्छा के लालपुर चौकी क्षेत्र के पास नेशनल हाईवे पर घटित हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला को राहगीरों की मदद से सीएचसी किच्छा में भर्ती कराया गया। इस घटना ने न केवल आमजन को दहला दिया, बल्कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।

पीड़ित महिला निर्मला देवी पत्नी ओमलाल, ग्राम पटेरी थाना पुलभट्टा निवासी हैं और लालपुर स्थित एक दवा कंपनी में कार्यरत हैं। घटना के समय वह अपनी सहकर्मी सुमन और सुमन के बेटे अनिकेश के साथ बाइक पर सवार होकर ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थीं।

जैसे ही वे देवरिया टोल से पहले बरौर नदी पर स्थित मजार के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक को रोक लिया। सभी हमलावरों ने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। किसी प्रतिक्रिया का मौका दिए बिना ही उन्होंने निर्मला पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अचानक हुए इस हमले से निर्मला सड़क पर गिर पड़ीं और बुरी तरह घायल हो गईं। हमलावर हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए। हाईवे पर हुई इस घटना से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।

इलाज के बाद पीड़िता ने खुद कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। घटना जिस स्थान पर हुई, वह लालपुर पुलिस चौकी से मात्र कुछ ही दूरी पर है, जिससे पुलिस की तत्परता और गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। महिला से भी हमलावरों के हुलिए और घटना के क्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

इस घटना ने क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस चौकी के पास ही ऐसी वारदात हो जाना यह दर्शाता है कि अपराधियों को कानून का कोई भय नहीं रहा। अब देखना होगा कि पुलिस इस चुनौतीपूर्ण मामले को कितनी जल्दी सुलझा पाती है।

Leave a Comment