Uttarakhand News: अब सभी सरकारी व निजी स्कूलों में अनिवार्य रूप से गूंजेगा ‘वंदे मातरम’

उत्तराखंड सरकार ने प्रदेशभर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन को अनिवार्य कर दिया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती ने इसके लिए औपचारिक निर्देश जारी किए हैं। उनका कहना है कि स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने में वंदे मातरम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, इसलिए विद्यार्थियों में राष्ट्रभावना जागृत करने के उद्देश्य से इसे प्रतिदिन स्कूल की प्रार्थना सभा में सस्वर गाया जाएगा।
जारी निर्देशों के अनुसार 26 नवंबर, संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में 21 लाख से अधिक विद्यार्थी राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेंगे। शिक्षा निदेशक ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि इस कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों की सौ प्रतिशत उपस्थिति और उत्साही सहभागिता रहे।
इसके साथ ही स्कूलों को जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों को भी कार्यक्रम में शामिल करने के लिए कहा गया है। स्वतंत्रता सेनानियों, उनकी पहली पीढ़ी तथा शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और बलिदानों से रूबरू हो सके।

Leave a Comment