उत्तराखंड की पवित्र हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। पंजाब से अपने परिवार के साथ दर्शन को आई महिला श्रद्धालु की रास्ते में तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। यह घटना यात्रा मार्ग के घांघरिया क्षेत्र के पास की है, जहां हजारों श्रद्धालु हर वर्ष गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन करने पहुंचते हैं।
मृतका की पहचान 57 वर्षीय हरदीप कौर पत्नी हीरा सिंह के रूप में हुई है, जो परिवार संग पवित्र स्थल की ओर बढ़ रही थीं। जब वह घांघरिया से पहले के रास्ते में थीं, तभी उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। साथ चल रहे परिजन व अन्य यात्रियों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए घांघरिया स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टरों ने हरदीप कौर को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद समाचार के बाद यात्रा का माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने बताया कि महिला की मृत्यु की सूचना मिलते ही सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
प्रक्रियाओं के उपरांत शव को परिवार को सौंप दिया गया है, ताकि वे अंतिम संस्कार की विधि संपन्न कर सकें। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करते समय अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और यात्रा शुरू करने से पहले मेडिकल जांच अवश्य कराएं।
यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर देहरादून में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध








