मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में झमाझम बारिश ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी। हालांकि, तेज बारिश के चलते कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें आईं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को भी राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं बिहार के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई है।
यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट, कुछ जगहों पर हो सकती है अति भारी वर्षा
मौसम विभाग ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है।
पूर्वी यूपी के देवरिया, गोरखपुर और बस्ती तथा पश्चिमी यूपी के मुरादाबाद और रामपुर में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। लखनऊ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा आगरा, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर और जालौन जैसे जिलों में अति भारी वर्षा की आशंका जताई गई है।
साथ ही बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर (नगर और देहात), उन्नाव, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा और मैनपुरी जैसे जिलों में भी तेज बारिश की संभावना है।
तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट, तापमान में गिरावट संभव
राज्य के 30 से अधिक जिलों में 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। साथ ही बिजली गिरने (वज्रपात) की चेतावनी भी दी गई है।
बारिश और हवाओं के चलते राजधानी समेत कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
देश के अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश, कई राज्यों में अलर्ट
महाराष्ट्र, बिहार, गंगा-पश्चिम बंगाल, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज की गई है।
अगले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की आशंका है।
इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
सौराष्ट्र-कच्छ, तमिलनाडु, रायलसीमा, आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक और लद्दाख में हल्की वर्षा के आसार हैं।
हिमाचल और उत्तराखंड में बादल फटने की चेतावनी
आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश के साथ बादल फटने की चेतावनी जारी की है।
हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मनाली, सिरमौर, शिमला और ऊना जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढें- Uttarakhand: पूर्व पार्षद ने थार से युवक को रौंदने की कोशिश, छलांग लगाकर बचाई जान; केस दर्ज








