ऋषिकेश स्थित आरटीओ ऑफिस के पास बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो चालकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना एक ट्रोला और बोरिंग मशीन ले जा रहे ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुई, जिसके बाद ट्रोले में भयानक आग लग गई।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ढालवाला पोस्ट से हेड कांस्टेबल अर्जुन पंवार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे में ट्रोला और ट्रक के ड्राइवर की जान चली गई, जबकि ट्रक में सवार एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रोले में आग लग गई, जिसे फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू में किया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और हादसे से इलाके में शोक की लहर फैल गई है।








