एक यूट्यूबर को निर्माणाधीन दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे पर स्टंट करना भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए स्टंट वीडियो ने उसकी पहचान उजागर कर दी। देहरादून परिवहन विभाग की विशेष टीम ने ऑनलाइन निगरानी करते हुए बाइक के नंबर से युवक की पहचान की और उसे आरटीओ कार्यालय बुलवाया।
आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने युवक को सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा-189 और 184 के तहत तीन महीने की सजा और पांच हजार रुपये के जुर्माने की चेतावनी दी। इसके साथ ही बाइक सीज करने की बात कही गई। युवक ऐश मोहम्मद ने स्वीकार किया कि वीडियो पुराना है, लेकिन उसने हाल ही में अपलोड किया। उसने तुरंत माफी मांगी और भविष्य में ऐसा न करने का वादा किया।
आरटीओ ने युवक को बताया कि उसके लाखों फॉलोअर्स हैं और उसके ऐसे वीडियो अन्य लोगों, खासकर युवाओं को जोखिम भरे स्टंट के लिए प्रेरित कर सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि वह सड़क सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने वाले वीडियो बनाए, ताकि उसका प्रभाव समाज के लिए उपयोगी बन सके।
यह केवल एक मामला नहीं है। रायपुर-मालदेवता, सहस्रधारा रोड, जीएमएस रोड, और विभिन्न फ्लाईओवर जैसे इलाकों में अक्सर स्टंटबाजी की शिकायतें मिलती हैं। आरटीओ ने अन्य युवाओं को चेताने के लिए यूट्यूबर से माफी का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर जारी किया, ताकि यह बाकी स्टंटबाजों के लिए एक सबक बने।
यह भी पढ़ें : देहरादून से इंग्लैंड तक – अभिमन्यु ईश्वरन का टेस्ट टीम में चयन, पिता का सपना हुआ साकार






