अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

देहरादून में ऑनलाइन कमाई और शेयर निवेश का झांसा देकर देहरादून में दो लोगों से 51 लाख की ठगी

On: July 23, 2025 4:23 PM
Follow Us:

देहरादून में साइबर ठगों ने एक बार फिर आम लोगों को निशाना बनाकर लाखों की ठगी की है। ताजा मामलों में एक पढ़ाई कर रही युवती, एक निजी इंश्योरेंस कंपनी से सेवानिवृत्त अधिकारी और एक होटल में नौकरी की तलाश कर रहे युवक को ठगों ने अपना शिकार बनाया। तीनों मामलों में कुल 53 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने सभी मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर बैठे कमाई का झांसा देकर युवती से 27 लाख रुपये ठगे

पंडितवाड़ी क्षेत्र की रहने वाली खुशी सिंधवाल को 16 जुलाई को व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें एक महिला ने खुद को माया शर्मा बताया और घर बैठे कमाई का ऑफर दिया। युवती ने हामी भरने पर उसे टेलीग्राम चैनल से जोड़ा गया, जहां ‘डिजिट ट्रेड डेटा ऑपरेशन’ नाम के पेज पर उसे यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करने और वीडियो लाइक करने जैसे टास्क दिए गए। शुरुआत में छोटे-छोटे भुगतान कर युवती का विश्वास जीता गया।

इसके बाद उसे कंपनी की ओर से एक नोटरी भेजी गई और निवेश की शर्तें बताई गईं। युवती ने क्रमशः 1000, 3000, 1500, 34,000, 50,000, 49,000, 3 लाख, 7 लाख और 8 लाख रुपये निवेश किए। कुल मिलाकर 27,38,500 रुपये जमा कर दिए। लेकिन जब भुगतान की बारी आई तो ठगों ने पलटकर जवाब देना बंद कर दिया। युवती की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शेयर में मुनाफे का लालच देकर सेवानिवृत्त अधिकारी से 23 लाख की ठगी

चमन विहार निवासी सुधीर कुमार गोयल ने पुलिस को बताया कि 26 जून को फेसबुक पर “360 One WAM Ltd” नामक एक कंपनी का विज्ञापन देखकर उन्होंने संपर्क किया। कंपनी खुद को सेबी से पंजीकृत बताती थी और गूगल पर जांच करने पर उन्हें इसका अस्तित्व सही लगा। कंपनी से जुड़ने के बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां निवेश के आकर्षक प्रस्ताव मिलने लगे।

उन्होंने पहले 1 लाख, फिर 2 लाख और बाद में 5 लाख रुपये शेयरों में निवेश किए। एप पर उन्हें भारी मुनाफा दिखाया गया, जिससे प्रोत्साहित होकर उन्होंने 14.65 लाख रुपये और निवेश कर दिए। एप पर अब उनके निवेश का कुल मूल्य 56.78 लाख रुपये दिखाया गया। जब उन्होंने 25 लाख रुपये निकालने की कोशिश की, तो कंपनी ने उनका अनुरोध रद्द कर और अधिक निवेश करने का दबाव बनाया। इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उनकी कुल 23,65,000 रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से दो लाख की ठगी

तीसरे मामले में, रानीखेत निवासी पंकज सिंह से विदेश में शेफ की नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये ठग लिए गए। उनका फेसबुक के जरिए संपर्क देहरादून निवासी दीपक नरियाल से हुआ, जिसने खुद को एक कार्यालय का मालिक बताया। पंकज सिंह 11 अप्रैल को देहरादून पहुंचे और दीपक को 20 हजार रुपये नकद दिए, जबकि बाकी रकम बैंक ट्रांसफर की गई।

न तो उन्हें नौकरी मिली और न ही रुपये वापस किए गए। जब बात बिगड़ी तो उन्होंने स्थानीय राजस्व उपनिरीक्षक के माध्यम से रानीखेत में शिकायत दर्ज कराई, जिसे जीरो एफआईआर के रूप में बसंत विहार थाना देहरादून में स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही है।

पुलिस का दावा: जल्द गिरफ्तारी होगी

सभी मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने त्वरित जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह रौतेला और थानाध्यक्ष प्रदीप रावत ने भरोसा दिलाया है कि आरोपितों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

सावधानी ही सुरक्षा है:
इन घटनाओं से साफ है कि साइबर ठग सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर लोगों को झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। पुलिस और साइबर सेल ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश, नौकरी या कमाई के ऑफर पर बिना ठोस जांच के विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

यह भी पढें- देहरादून-हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में तीमारदारों के लिए बनेगा विश्राम गृह, सीएम धामी की मौजूदगी में हुआ एमओयू

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment