किच्छा: दरऊ में बीडीसी चुनाव को लेकर विवाद, भाइयों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, एफआईआर दर्ज

किच्छा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में बीडीसी चुनाव को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

शिकायतकर्ता महावीर पुत्र स्व. रामलाल निवासी दरऊ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अगस्त की रात करीब 9 बजे वह अपने भाई के साथ भोजन करने के बाद आंबेडकर चौक पर टहलने निकला था। इसी दौरान पहले से योजनाबद्ध तरीके से वहां मौजूद राम सिंह, महेंद्र, अरविंद, अमर सिंह, तुषार, विपिन और राहुल ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सभी आरोपी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर आए थे।

महावीर ने बताया कि आरोपियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए। हमलावरों ने पंचायत चुनाव में विपिन को बीडीसी प्रत्याशी न बनाए जाने को लेकर हमला किया।

पीड़ित ने कहा कि यदि उस दौरान प्रमोद और धर्मेन्द्र मौके पर आकर उन्हें न बचाते तो आरोपी उनकी जान ले लेते। पुलिस ने महावीर की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढें- Chamoli: नंदानगर–सीतेल मार्ग पर हादसा, पिकअप नंदाकिनी नदी में गिरा, चालक की जान गई*

Leave a Comment