हरिद्वार में गणपति विसर्जन के दौरान युवक गंगा में समाया, घाट पर हड़कंप; तलाश जारी

हरिद्वार के कनखल राजघाट पर गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां गणेश प्रतिमा विसर्जित करने आए श्रद्धालुओं के बीच एक युवक का पांव फिसल गया और वह तेज बहाव वाली गंगा में जा गिरा। युवक का नाम निखिल गुप्ता, निवासी कनखल बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं का एक दल ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए राजघाट पहुंचा था। इसी दौरान सीढ़ियों पर खड़े निखिल गुप्ता का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक गंगा में गिर पड़ा। घटना देखते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

गंगा में जलस्तर अधिक होने और चारों ओर अंधेरा होने के कारण युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस और गोताखोरों की टीम ने तुरंत तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर रात तक युवक का सुराग नहीं लग सका।

इंस्पेक्टर कनखल चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि युवक की तलाश लगातार कराई जा रही है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस हादसे के बाद श्रद्धालुओं में गम और दहशत का माहौल है।

यह भी पढें- Rishikesh: हेमकुंड एक्सप्रेस 30 सितंबर तक रद्द, जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से रेल ट्रैक और पुल क्षतिग्रस्त

Leave a Comment