हल्द्वानी: शहर के लामाचौड़ क्षेत्र में भाखड़ा पुल के नीचे शनिवार सुबह एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मुखानी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन शरीर पर मिले टैटू और नाम से उसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है और उसने सलवार-सूट पहन रखा था। शव के सीने के ऊपरी हिस्से में ‘अजीम’ नाम खुदा हुआ है, जबकि एक हाथ पर ‘ए’ अक्षर और दिल की आकृति वाला टैटू भी पाया गया है। ये दोनों निशान अब उसकी पहचान की कड़ी बन सकते हैं।
मुखानी थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने जानकारी दी कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे टहलने निकले एक व्यक्ति ने आम्रपाली चौकी में सूचना दी कि भाखड़ा पुल के नीचे नदी क्षेत्र में एक युवती का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस ने शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई है। संभावना है कि युवती ने खुद पुल से छलांग लगाई हो, हालांकि अभी इस मामले में कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।
फिलहाल शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा और इस दौरान मृतका के परिजनों की तलाश की जाएगी। अगर इस अवधि में कोई सुराग नहीं मिलता तो नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
इस रहस्यमयी घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि युवती की पहचान के साथ-साथ उसकी मौत की असली वजह सामने लाई जा सके।





