उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हो रही मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक में हिस्सा लिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में सीमांत राज्य उत्तराखंड से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई, जिसमें सीमा सुरक्षा, इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन, पर्यटन, तीर्थयात्रियों की सुविधाएं, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, परिवहन अवसंरचना जैसे विषय प्रमुख रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, “सीमावर्ती राज्य होने के नाते हमारी प्राथमिकता सीमाओं की मजबूती, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सहज अनुभव देना है। इस बैठक में राज्य हित के अनेक मुद्दों पर केंद्र व अन्य राज्यों के साथ सार्थक संवाद हुआ।”
सीएम धामी ने की अमित शाह और योगी आदित्यनाथ से मुलाकात
बैठक से पहले मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से औपचारिक भेंट की और उन्हें हरिद्वार में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर राज्य सरकार की तैयारियों की जानकारी दी। इसके अलावा, उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की पूर्व संध्या पर ज्ञान की नगरी वाराणसी में योगी आदित्यनाथ जी से मुलाकात का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर उन्हें चारधाम का पवित्र प्रसाद भी भेंट किया गया।”
इस मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी समेत अन्य वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
देश के अन्य मुख्यमंत्रियों से भी की मुलाकात
अपने दौरे के दौरान सीएम धामी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समसामयिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और दोनों मुख्यमंत्रियों को देवभूमि उत्तराखंड के चारों धामों का पवित्र प्रसाद भी भेंट किया।
काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में की पूजा-अर्चना
वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने इस पावन अवसर के कुछ पल सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा:
“देवराजसेव्यमानपावनांघ्रिपङ्कजं
व्यालयज्ञसूत्रमिन्दुशेखरं कृपाकरम्।
नारदादियोगिवृन्दवन्दितं दिगंबरं
काशिकापुराधिनाथकालभैरवं भजे॥”
मुख्यमंत्री ने बताया कि काशी कोतवाल श्री काल भैरव के दर्शन कर उन्हें समस्त उत्तराखंडवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
पिछली बैठक उत्तराखंड के नरेंद्र नगर में हुई थी
गौरतलब है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की पिछली यानी 24वीं बैठक वर्ष 2023 में उत्तराखंड के नरेंद्र नगर में आयोजित की गई थी। इस बार यह बैठक काशी नगरी वाराणसी में संपन्न हुई, जिसमें उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढें- “रुड़की: अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर से की गई मारपीट, फेंकी गईं कुर्सियां”






