देहरादून में मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म , मिठाई की दुकान के हलवाई पर केस दर्ज, सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ लेंगे बयान

देहरादून के पित्थूवाला इलाके में स्थित एक मिठाई की दुकान पर काम करने वाली मूक-बधिर महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान में काम करने वाले हलवाई संजय शर्मा ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

घटना तीन अगस्त की बताई जा रही है, जब पीड़ित महिला रोज़ की तरह दुकान की सफाई करने पहुंची थी। वह जब पहले मंज़िल पर सफाई कर रही थी, तभी आरोपी उसके पीछे-पीछे गया और दुष्कर्म किया । पीड़ित ने घर जाकर अपने परिवार को इशारों के ज़रिए घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर दी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही आरोपी के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पीड़िता बोलने और सुनने में असमर्थ है, ऐसे में उसकी ओर से सटीक जानकारी लेने के लिए सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ की मदद ली जाएगी।

उन्होंने बताया कि बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और इसके लिए एक विशेषज्ञ को नियुक्त किया जा रहा है। साथ ही महिला दारोगा को निर्देश दिए गए हैं कि मेडिकल प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आगे की कार्रवाई में कोई देरी न हो।

यह भी पढें- मुख्यमंत्री ने किया ‘सीएम सशक्त बहना उत्सव योजना’ का शुभारंभ, महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की सराहना की

Leave a Comment