उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं, जहां वे विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली स्थित रक्षा मंत्रालय में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड राज्य के सर्वांगीण विकास और रक्षा क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने रक्षा मंत्री से रानीखेत और लैंसडाउन छावनी क्षेत्रों को निकटवर्ती नगरपालिकाओं में शामिल करने का आग्रह किया है, जिससे स्थानीय निवासियों को नागरिक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जा सकें।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने धारचूला और जोशीमठ के सैन्य हेलीपैड्स को ‘उड़े देश का आम नागरिक’ (UDAN) योजना के तहत आम लोगों की हवाई यात्रा के लिए खोलने का भी सुझाव दिया, जिससे सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने रुद्रप्रयाग जिले में एक नई सीएसडी कैंटीन खोलने का भी अनुरोध किया, जिससे क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रबंधन से जुड़े एक महत्वपूर्ण विषय को भी रक्षा मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने राज्य में आपदा और राहत कार्यों के दौरान भारतीय वायुसेना द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के लिए लगने वाले शुल्क को माफ किए जाने की मांग की। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सकारात्मक आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड की आवश्यकताओं पर गंभीरता से विचार करेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी भेंट की थी और राज्य में ऊर्जा क्षेत्र के विकास से संबंधित विषयों पर चर्चा की थी। उनके दिल्ली दौरे का उद्देश्य राज्य के लिए केंद्रीय योजनाओं और संसाधनों का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करना है।
यह भी पढें- छात्रवृत्ति घोटाले का पर्दाफाश: बिना छात्रों के बंट गए 91 लाख रुपये, 17 संस्थान शक के घेरे में






