बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा और अत्याचार की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल के दिनों में चार हिंदुओं की हत्या के बाद अब एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। झेनैदाह जिले के कालिगंज थाना क्षेत्र के नादिपारा इलाके में एक 40 वर्षीय हिंदू विधवा महिला को बेरहमी का शिकार बनाया गया।
पीड़िता के आरोपों के अनुसार, इलाके के दो स्थानीय अपराधियों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे एक पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए गए। यही नहीं, इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भी किया गया, जिससे पीड़िता को मानसिक और सामाजिक रूप से अपमानित किया गया।
घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में झेनैदाह सदर अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद पीड़िता ने कालिगंज थाने में शाहीन और उसके एक सहयोगी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता ने बताया कि लगभग ढाई वर्ष पहले उसने आरोपी शाहीन और उसके भाई से 20 लाख टका में 3 डेसिमल जमीन और एक दो मंजिला मकान खरीदा था। इसके बाद से ही शाहीन उस पर गलत दबाव बनाने लगा और कई बार अशोभनीय व्यवहार करने की कोशिश की। महिला द्वारा विरोध और इनकार किए जाने पर आरोपी ने उसे लगातार परेशान करना शुरू कर दिया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि शनिवार शाम जब महिला के घर पर उसके दो रिश्तेदार मौजूद थे, तभी शाहीन अपने साथी हसन के साथ जबरन घर में घुसा और वारदात को अंजाम दिया।
यह घटना एक बार फिर बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो रही है।
हिंदू विधवा के साथ बांग्लादेश में बलात्कार, पेड़ से बांधकर आरोपियों ने काटे बाल, आरोपियों ने वीडियो बनाकर किया वायरल
On: January 5, 2026 2:42 PM










