रायबरेली जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुलतानपुर जनौली गांव के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने पैदल जा रहे सात लोगों को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक किशोरी सहित चार युवतियों की मौके पर ही या इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी पीड़ित भंडारे में शामिल होकर पैदल घर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों के कारण जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
मृतकों और घायलों की पहचान जगतपुर कोडर गांव की रहने वाली रिया पटेल, प्रिया पटेल, हिमांशी, शालिनी, रश्मि, साधना और आसमा के रूप में हुई है। सभी लोग चूली गांव में आयोजित भंडारे से लौट रहे थे। सुलतानपुर जनौली के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में हिमांशी और शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को जगतपुर सीएचसी और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान आसमा और रश्मि ने भी दम तोड़ दिया। शेष तीन घायलों का इलाज जारी है।
एंबुलेंस सेवा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन उसका दरवाजा काफी देर तक नहीं खुल सका। इस लापरवाही को देखकर मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने विरोध जताया। बाद में पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया। परिजनों का कहना है कि आपात स्थिति में काम आने वाली एंबुलेंस की यह हालत बेहद चिंताजनक है और जिम्मेदारों की गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।
जाम के कारण बढ़ी परेशानी
बताया जा रहा है कि लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम की वजह से दूसरी एंबुलेंस समय पर सीएचसी तक नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते घायलों को निजी वाहनों से जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश जारी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रायबरेली: गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार ने 7 पैदल लोगों को कुचला; 4 युवतियों की मौत, 3 गंभीर
On: February 9, 2026 3:47 AM











