अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

अंकिता भंडारी हत्याकांड: वायरल ऑडियो क्लिप मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर आज SIT के सामने होंगी पेश, भाजपा नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप

On: January 7, 2026 5:13 AM
Follow Us:

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर आज विशेष जांच टीम (SIT) के सामने पेश होंगी। देहरादून पहुंच चुकी उर्मिला से सोशल मीडिया पर वायरल किए गए ऑडियो क्लिप को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर बीते कुछ दिनों से अचानक लापता बताई जा रही थीं। उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था। इस बीच हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर स्थित उनके आवास पर नोटिस चस्पा कर उन्हें बयान दर्ज कराने और साक्ष्यों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया था।
सोशल मीडिया पर लगाए थे गंभीर आरोप
उर्मिला सनावर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर लाइव आकर अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा से जुड़े नेताओं की संलिप्तता का आरोप लगाया था। 29 दिसंबर को फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने कुछ ऑडियो क्लिप साझा किए थे, जो बाद में तेजी से वायरल हो गए। इसके बाद से ही वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आईं, जिससे मामला और भी चर्चाओं में आ गया।
हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई
हरिद्वार पुलिस ने अभिनेत्री से संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित गोविंद नगर मोहल्ले में उनके घर पर नोटिस चस्पा किया। शनिवार शाम को भी संपर्क साधने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
पूर्व विधायक से विवाह के बाद आईं सुर्खियों में
उर्मिला सनावर हरिद्वार जिले की ज्वालापुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक सुरेश राठौर से विवाह के बाद राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं में आई थीं। इससे पहले वह कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में अभिनय कर चुकी हैं। अब वह अंकिता भंडारी मामले में न्याय की मांग को लेकर सामने आई हैं।
भ्रामक वीडियो और साजिश का आरोप
इस पूरे प्रकरण में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी की ओर से देहरादून के डालनवाला थाने में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने जानबूझकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो जारी कर भाजपा नेताओं की छवि धूमिल करने और प्रदेश में दंगे भड़काने की साजिश रची।
तहरीर में कांग्रेस, उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) और आम आदमी पार्टी (AAP) को इस साजिश का सूत्रधार बताते हुए त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
अब SIT की जांच और उर्मिला सनावर के बयान से यह स्पष्ट होगा कि वायरल ऑडियो क्लिप और लगाए गए आरोपों के पीछे की सच्चाई क्या है। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा यह मामला एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment