देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर जारी है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में टोंस नदी में अचानक उफान आया, जिससे कई मजदूर ट्रैक्टर ट्रॉली सहित बहकर पानी में फंस गए। अब तक 8 मजदूरों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि 2 मजदूर सुरक्षित बचाए गए हैं। ये सभी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है।
रात भर हुई मूसलाधार बारिश से रिस्पना, बिंदाल, तमसा, टोंस समेत कई नदियां और नाले उफान पर आ गए। देहरादून के सहस्त्रधारा, मालदेवता, टपकेश्वर महादेव मंदिर, प्रेमनगर और अन्य क्षेत्रों में सड़कें टूट गईं, मकान जमींदोज हुए और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
मंगलवार सुबह टोंस नदी के बीच ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से मजदूर बह गए। एसडीआरएफ और जिला पुलिस की टीम ने अब तक 8 शव बरामद किए हैं, जिनमें 4 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद व संभल जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। राहत अभियान जारी है और एसडीआरएफ टीम हरबर्टपुर से धर्मावाला पुल तक व्यापक सर्च ऑपरेशन कर रही है।
मृतकों की जानकारी:
सोमवती (65), रीना (30), मदन (50), नरेश (50), हरिचरण (60), किरण (60), रानी (18), फरमान (30) – सभी उत्तर प्रदेश निवासी
बचाए गए मजदूर:
अमन (17) और अमरपाल (40) – उत्तर प्रदेश निवासी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा:
“उत्तराखंड में टोंस नदी में हुई यह दुखद दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सभी शव सम्मानपूर्वक उनके घर तक पहुंचाए जाएंगे।”
यह भी पढें- उत्तराखंड में भारी आपदा का तांडव: नदियों का उफान, बादल फटने से तबाही, मृतकों की संख्या हुई 17, 1अभी 16 लापता







