देहरादून। राजधानी दून में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को तड़के शुरू हुई मूसलाधार बारिश करीब छह घंटे तक लगातार जारी रही, जिससे पूरे शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जगह-जगह जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं, वहीं कारगी ग्रांट क्षेत्र में एक मकान का पिछला हिस्सा धराशायी हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि इससे आसपास के घरों को भी खतरा पैदा हो गया है और प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।
जलभराव और नदी-नालों में उफान से दहशत
तेज बारिश के चलते रिस्पना-बिंदाल समेत तमाम नदी-नाले उफान पर हैं। नालियों के ओवरफ्लो होने से शहर की कई सड़कें नदियों का रूप ले चुकी हैं। प्रिंस चौक, दून अस्पताल रोड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र, गांधी रोड और दर्शनलाल चौक पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत हुई। उफनते नालों से किनारे बसे इलाकों में खतरा बढ़ गया है और प्रशासन ने स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
सड़कें और बिजली के खंभे बने खतरे
लगातार बारिश ने शहर की सड़कों की हालत भी बिगाड़ दी है। कई जगह सड़कें उखड़ गईं और गहरे गड्ढे बन गए, जिससे वाहनों के फिसलने और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। सहारनपुर रोड, हरिद्वार रोड, गांधी रोड, त्यागी रोड, राजा रोड, आढ़त बाजार, कांवली रोड, सहस्रधारा रोड और आईटी पार्क क्षेत्र की सड़कें सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा नदी किनारे लगे बिजली के खंभों और पुश्तों को भी भारी नुकसान हुआ है।
मालदेवता और पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ीं मुश्किलें
मालदेवता और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश ने हालात और भी खराब कर दिए हैं। नदी किनारे बड़े पैमाने पर भूकटाव हुआ है और कई पैदल मार्ग बह गए हैं। मलबा और पानी सड़क पर बहने से आवाजाही खतरनाक हो गई है। पीपीसीएल पुल से सरखेत जाने वाले मार्ग को काफी नुकसान पहुंचा है, जबकि कद्दूखाल, धनोल्टी और सुवाखोली मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों तक जरूरी सामान की आपूर्ति बाधित हो रही है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और नदी-नालों के किनारे रहने वाले परिवार विशेष सतर्कता बरतें। लगातार हो रही बारिश के चलते आज भी दून और आसपास के इलाकों में खतरा बढ़ सकता है।
यह भी पढें- Uttarakhand Crime: नाबालिग को लगातार फोन करना पड़ा भारी, साथियों संग युवक की हत्या कर दी








