कांवड़ यात्रा के दौरान अपराध की योजना बना रहे दो शातिर युवकों को रुड़की पुलिस ने समय रहते दबोच लिया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत विवेकानंद कॉलेज की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। पकड़े गए युवकों के पास से एक पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी अपनी टीम के साथ सालियर क्षेत्र में नियमित तलाशी अभियान चला रहे थे। उसी दौरान दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिस पर संदेह होने पर पुलिस ने तत्काल पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिजवान निवासी बंदा रोड माहिग्रान और सलमान उर्फ लाखा निवासी रामपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने न केवल वारदात की योजना को स्वीकारा, बल्कि यह भी बताया कि उन्होंने कई अन्य व्यक्तियों को अवैध हथियार बेचे हैं। उन्होंने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ नाम भी उजागर किए, जिससे साफ है कि यह एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है। पुलिस अब उन अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई है जिनके नाम आरोपियों ने बताए हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भंग करने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड में अवैध नशा मुक्ति केंद्रों पर गिरेगी गाज, सीलिंग और जुर्माने के आदेश; सभी जिलों को सख्त निर्देश








