देहरादून के गूलरघाटी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक नरेंद्र सिंह अपनी पत्नी हेमलता पर शक करता था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इस घरेलू कलह से परेशान होकर हेमलता ने अपने प्रेमी गुफरान के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
मामला डोईवाला थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, हेमलता और गुफरान के बीच प्रेम संबंध थे, जिसकी भनक नरेंद्र सिंह को लग चुकी थी। इस बात को लेकर वह आए दिन अपनी पत्नी को प्रताड़ित करता था। इससे तंग आकर हेमलता ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतारने का मन बना लिया।
गुफरान ने योजना के तहत नरेंद्र को गूलरघाटी नदी के किनारे शराब पीने के बहाने बुलाया। वहां उसने नरेंद्र की शराब में चुपके से चूहे मारने की दवा मिला दी। जब नरेंद्र नशे में चूर हो गया और उसकी हालत कमजोर हो गई, तो गुफरान ने उसे नदी में धक्का दे दिया। इसके बाद उसके सिर को पकड़कर पानी में डुबोते हुए उसकी जान ले ली।
हत्या के बाद मामले को छुपाने के लिए मृतक की पत्नी हेमलता ने थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी, ताकि किसी को उन दोनों पर शक न हो। लेकिन पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर जांच की, तो कई अहम सुराग हाथ लगे।
एक जुलाई को गूलरघाटी नदी में एक अज्ञात शव बरामद हुआ। शव की पहचान गुमशुदा नरेंद्र सिंह के रूप में हुई। मौत संदिग्ध हालात में होने के चलते पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक के घर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर गुफरान पुत्र इस्लाम, निवासी नकरौंदा, की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
पुलिस ने गुफरान को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा सच कबूल कर लिया। उसने बताया कि हेमलता के साथ प्रेम संबंध के चलते दोनों ने मिलकर नरेंद्र को मारने की योजना बनाई थी। गुफरान और हेमलता ने मिलकर नरेंद्र को पहले नशे में किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस घटना की चर्चा कर रहे हैं।








