उत्तराखंड में बीते कई दिनों से पड़ रही कड़ी गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को देहरादून में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया, लेकिन मौसम विभाग ने आज से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के करवट लेने के संकेत दिए हैं। खासकर पहाड़ी जिलों में तेज बौछारें और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बुधवार से पूरे प्रदेश में वर्षा का सिलसिला तेज हो सकता है। पर्वतीय इलाकों में आज गरज के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून में सीजन का सबसे गर्म दिन
मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। यह इस वर्ष का अब तक का सबसे ऊंचा तापमान है। न्यूनतम तापमान भी 25.7 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से ही तीखी धूप और दोपहर में लू जैसे हालातों ने लोगों को परेशान किया।
कई जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल जिलों में आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए चेतावनी दी है। इसके साथ ही देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और ऊधमसिंह नगर में भी आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
चारधाम यात्रा मार्गों पर भी प्रभाव
चारधाम यात्रा मार्गों पर आज आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे यात्रा प्रभावित हो सकती है। ऐसे में यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मुख्य शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
- देहरादून: अधिकतम 39.1, न्यूनतम 25.7
- ऊधमसिंह नगर: अधिकतम 38.6, न्यूनतम 29.2
- मुक्तेश्वर: अधिकतम 28.0, न्यूनतम 16.0
- नई टिहरी: अधिकतम 28.6, न्यूनतम 19.2
मौसम विभाग ने लोगों से तेज हवाओं और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से बचने की सलाह दी है। आगामी दिनों में मानसून के सक्रिय होने के संकेत भी मिल रहे हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।
यह भी पढें- धामी कैबिनेट की अहम बैठक शुरू, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समेत कई प्रस्तावों पर मुहर की संभावना





