आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स ने इतिहास रचते हुए क्वालीफायर-2 में मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से शिकस्त दी और 11 साल बाद फाइनल में जगह बनाई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अय्यर ने नाबाद 87 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया और फैंस को जश्न मनाने का मौका दिया। पंजाब अब 2014 के बाद पहली बार और कुल मिलाकर दूसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। तिलक वर्मा, जॉनी बेयरस्टो और सूर्यकुमार यादव ने अहम पारियां खेलीं, जबकि नमन धीर ने अंतिम ओवरों में तेजतर्रार 37 रन जोड़कर टीम को 200 पार पहुंचाया। रोहित शर्मा का विकेट जल्दी गिरा, लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने पारी को संभाला।
204 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत लड़खड़ाई, लेकिन जोश इंग्लिस ने बुमराह के ओवर में 20 रन बटोरकर लय वापस दिलाई। हालांकि वे और प्रियांश आर्य जल्द ही आउट हो गए। इसके बाद श्रेयस अय्यर और नेहाल वढेरा की जोड़ी ने मैच की तस्वीर बदल दी। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की और जीत की नींव रखी। वढेरा 48 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन अय्यर अंत तक टिके रहे और टीम को जीत दिलाई।
अब पंजाब किंग्स का सामना फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमों ने अब तक एक भी आईपीएल खिताब नहीं जीता है, जिससे तय है कि इस बार कोई एक टीम अपने खिताबी सूखे को खत्म करेगी। क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक फाइनल मुकाबले की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड में दोपहर बाद बदला मौसम, बदरीनाथ और हेमकुंड में बारिश-बर्फबारी से बढ़ी ठंडक











